वेलफ़ेयर पार्टी ऑफ इंडिया अगस्त में देश व्यापी आंदोलन चलाएगी

www.daylife.page 

जयपुर। देश गंभीर अशांति के दौर से गुजर रहा है। भाजपा सरकारों का संविधान और लोकतंत्र के प्रति सम्मान बहुत ही कम है। ये सरकारें संसद/विधानसभाओं में बिना किसी चर्चा या बहस के और हितधारकों की भागीदारी के बिना ही एकतरफा निर्णय ले रही हैं। यह बात वेलफ़ेयर पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एसक्यूआर इलयास ने प्रेस वार्ता में कही।  

डॉ. इलयास ने कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए और लोगों पर थोपे गए कानून त्रुटिपूर्ण, कमजोर और कानूनी और संवैधानिक सुरक्षा उपायों से खाली हैं और देश के लिए हानिकारक हैं। विमुद्रीकरण, कृषि कानून, श्रम संहिता, जीएसटी, अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और जम्मू-कश्मीर राज्य की स्थिति में गिरावट से लेकर, हालिया अग्निपथ योजना तक इस के उदाहरण हैं।

उन्होंने कहा कि संसद में प्रचंड बहुमत, कमजोर विपक्ष और ह्रासमान स्वायत्त संस्थाओं के साथ सरकार निरंकुशता के बेहद खतरनाक और निराशाजनक रास्ते पर आगे बढ़ रही है। आर्थिक मंदी और रुपये की गिरावट इस बात को उजागर करती है कि मोदी सरकार देश की जनता से जुड़ी वास्तविक समस्याओं, जैसे बेरोजगारी और मुद्रास्फीति आदि के समाधान में बुरी तरह विफल रही है और अपनी विफलता को छिपाने के लिए डायवर्जन रणनीति का इस्तेमाल कर रही है।

इलयास ने प्रेस के सामने कहा कि सरकार द्वारा अपनाई गई नीतियों ने मुस्लिम समुदाय को राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक, आर्थिक रूप से पिछड़ा और सामाजिक रूप से अलग-थलग कर दिया है। मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाया जाता है, लिंच किया जाता है, झूठे और मनगढ़ंत आरोपों के साथ कैद किया जाता है और इनको आतंकित करने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने आह्वान किया कि सेकुलर पार्टियों और सिविल सोसाइटी के लिए लोकतंत्र, संवैधानिक लोकाचार, आर्थिक गिरावट और सिकुड़ती विविधता को बचाए रखने और धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य की 70 साल की उपलब्धियों की सुरक्षा के लिए आगे आने का समय आ गया है, अन्यथा ये सारी दौलत हमेशा के लिए हम से छिन जाएगी, जिनकी पुनर्प्राप्ति में हम कदापि सक्षम नहीं हैं।

इस अवसर पर वेलफ़ेयर पार्टी ऑफ इंडिया के सुब्रमणि अरुमुगम, महासचिव (संगठन), शीमा मोहसिन, राष्ट्रीय महासचिव, वकार अहमद खान, प्रदेश अध्यक्ष, हसीन अहमद, प्रदेश महासचिव, ग़ज़ाला परवीन, प्रदेश महिला संयोजक ने अपने विचार रखते हुए कहा कि हमारी पार्टी अगस्त माह में अपना देश व्यापी आंदोलन भी चलाएगी।