देश का लिखो नया इतिहास : वेदव्यास

जनादेश 2024 को समर्पित

 

लेखक : वेदव्यास

वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार, जयपुर 

www.daylife.page 

देश का लिखो नया इतिहास

समय के स्वर पहचानो रे।

विजय के सपनों का मधुमास

जवानों और किसानों रे।।


ये दिशा-दिशा के द्वार एक हो जाएं

ये रंग-रंग के हार एक हो जाएं,

जन-जीवन की परिभाषा बदल रही है

ये अलग-अलग संसार एक हो जाएं,

दूर नहीं आकाश

देश का लिखो नया इतिहास...


हमने हिंसा के अस्त्र नहीं धारे हैं

हमको अधर्म के वस्त्र नहीं प्यारे हैं,

युगवाणी को साकार बनाने वाले

हमने असत्य के शस्त्र नहीं धारे हैं,

बढ़ते चरण विकास

देश का लिखो नया इतिहास...


भारत गौरव गाथाओं की धरती है

भारत अभिनव उत्कर्षों की धरती है,

जिसके घर में लगता किरणों का मेला

भारत ऐसे संघर्षों की धरती है,

अपने पर विश्वास

देश का लिखो नया इतिहास...


समय के स्वर पहचानो रे।

विजय के सपनों का मधुमास

जवानों और किसानों रे।।

(लेखक का अपना अध्ययन एवं अपने विचार हैं)