श्री काशीबाई छगनलाल स्कूल में मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन

सुनील जैन की रिपोर्ट

www.daylife.page   

जयपुर। सी-स्कीम स्थित श्री काशीबाई छगनलाल झवेरी सी.सै. स्कूल, में बेटी बचाओ  वर्कशॉप पर मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 

प्रिंसिपल देवेन्द्र वाजा ने कहा कि भारतीय संस्कृति सम्पूर्ण विश्व में एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है। भारतीय संस्कृति ने सभी संस्कृतियों को अपने में समाहित किया है। लेकिन भारतीय समाज के महत्वपूर्ण अंग नारी को आज भी उचित स्थान प्रदान नही किया जाता है। सदैव से ही नारी को हेय दृष्टि से देखा गया। दहेज प्रथा, सती प्रथा जैसे दुर्व्यवहार किए गए। आज के समय में पढ़ा-लिखा शैक्षिक वर्ग भी अपनी संकीर्ण विचारधारा के कारण नारी का सम्मान नहीं करता है, छोटी-छोटी बच्चियों के साथ अत्यतं दुर्व्यवहार किया जा रहा है। कन्या को अब जीवन का अधिकार भी नही है। यदि आने वाले भविष्य में भी हमारे समाज में यह स्थिति बनी रही तो लगातार लड़कियों की संख्या में कमी से लोग बहन, बेटी व बहु के लिए तरसते रहेगें, लेकिन इन सभी दुष्परिणामों से बचने के लिए स्वयं नारी को सक्षम होना होगा। समाज में अपना स्तर व स्थान सुधारने के लिए स्वयं आगे आना होगा। स्वयं जागरूक होकर, अपने घर-परिवार के लोगों की विचारधाराओं को बदलना होगा। हम सभी को स्त्री के प्रति सम्मान की भावना को जाग्रत करना होगा। मनुष्य जीवन का सम्पूर्ण आधार नारी पर ही निर्भर है। बिना नारी यह संसार अधूरा रह जायेगा।  

मेहंदी रोली कंगन का अवतार नही होता, रक्षाबंधन, भैया दूज का त्योहार नही होता, वह घर सूना रह जाता इस दुनियॉं में, जिसके घर में बेटी का अवतार नही होता 

साथ ही आयोजित मेंहदी प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बड़ी ही सुन्दर व अलग-अलग डिजाइनस् की मेंहदी हथेलियों पर सजाई। इस अवसर पर शाला समिति के प्रमुख भरतभाई शाह एवं मानद् मंत्री रजनीकान्त पटेल, कोषाध्यक्ष अल्पेशभाई पटेल व सदस्यगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अन्त में प्रिंसिपल देवेन्द्र वाजा ने प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया।