पुरुष की कामयाबी में माताओं और बहनों का त्याग शामिल : डा. पंकज सिंह

मातृत्व दिवस पर 500 से अधिक महिलाओं, वृद्धाओं, वीरांगनाओं और छात्राओं को किया सम्मानित

जाफ़र लोहानी 

www.daylife.page 

मनोहरपुर (जयपुर)। डा. पंकज सिंह फाउंडेशन द्वारा रविवार को मातृत्व दिवस का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं, वृद्धाओं, वीरांगनाओं, आषाओं एवं प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने मां की ममता और त्याग का आभार जताया।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बाड़ी-जोड़ी, शाहपुरा में आयोजित इस मातृत्व दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक फूलचन्द्र भिण्डा ने डाॅक्टर की तुलना भगवान से करते हुए कहा कि भगवान जीवन देता है और ये उसकी हिफाजत करते हैं। भाजपा की जिला प्रमुख रमा चैपड़ा ने महिलाओं की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही महिला की उन्नति का एकमात्र साधन है। 

शराब बंदी अभियान की राष्ट्रीय अध्यक्षा पूनम अंकुर छाबड़ा ने डा. पंकज सिंह के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे एक ओर चिकित्सक बन कर जीवन की रक्षा कर रहे हैं वहीं दूसरी और नर सेवा नारायण सेवा के वक्य को चरितार्थ कर रहे हैं। उन्होंने मौजूद जनसमूह से शराब छोड़ने की शपथ ली। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि राजनेता तो बहुत आते हैं लेकिन पहली बार कोई बेटा बन कर हमारे पास आया है इसे हम हर संभव सहयोग करेंगे।

माता, बहनों और उपस्थित विशाल जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डा. पंकज सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष डा. पंकज सिंह ने कहा कि महिलाएं देश की कर्णधार होती हैं। उनके त्याग, बलिदान और मातृत्व का ही नतीजा है कि हम उन्नति करते हैं। इससे हमारी उन्नति और प्रगति तो दिखाई देती लेकिन इसके पीछे हमारी माताओं और बहनों का जो त्याग, परिश्रम और संघर्ष दिखाई नहीं देता। यही कारण है कि मातृत्व दिवस के शुभ अवसर पर संस्था द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित करने वाली माताओं और बहनों को सम्मानित किया गया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बाड़ी-जोड़ी के सरपंच अनिल त्रिवेदी और संचालन आर के कुमावत ने किया। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री बादामी देवी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. सुनीता कुमावत, मंडल अध्यक्ष अनिल शर्मा, राजनौता के सरपंच लाल सिंह, सुमन कंवर, आशा गुर्जर, उर्मिला सोनी सहित अनेक प्रभावषाली महिलाओं, राजनेताओं ने शिरकत की। सभी अतिथियों का स्वागत माला और अंगवस्त्र पदान कर और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।