लक्ष्मण सिंह लापोडिया जय प्रकाश अवार्ड से सम्मानित होंगे

www.daylife.page

नयी दिल्ली । राजस्थान के जयपुर जिले के दूदू ब्लाक के लापोडि़या गांव निवासी लक्ष्मण सिंह आगामी 11 अक्टूबर को जनपथ,नयी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के सभागार में लोकनायक जयप्रकाश अवार्ड से सम्मानित होंगे। यह अवार्ड लक्ष्मण सिंह को पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु प्रदान किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि लक्ष्मण सिंह के जल संरक्षण के कार्यों की बदौलत क्षेत्र के 52 से भी अधिक गांवों की तकदीर बदल गई। इनका देश में जल संरक्षण के क्षेत्र में अग्रणी स्थान है।

यह जानकारी लोकनायक जयप्रकाश अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विकास केन्द्र के महासचिव अभय सिन्हा ने देते हुए बताया है कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली प्रतिभाओं को यह सम्मान प्रदान किया जायेगा।

इनके अलावा प्रख्यात गांधीवादी समाजवादी विचारक रघु ठाकुर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड व शिक्षा हेतु पद्मश्री दिनेश सिंह,मीडिया के लिए संतोष भारतीय,साहित्य हेतु सत्यनारायण, कला-संस्कृति हेतु पद्यविभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र, समाज सेवा हेतु डा.प्रकाश आमटे, सामाजिक क्षेत्र हेतु संजीव यादव,फौल्क आर्ट हेतु खाटू सपेरा, महिला उत्थान हेतु आशा चौधरी और थियेटर हेतु भारत रत्न भट्टाचार्जी आदि सहित इक्कीस प्रतिभाओं को लोकनायक जयप्रकाश अवार्ड से सम्मानित किया जायेगा।