पत्रकार ईशमधु तलवार का निधन, अनेक शख़्सियतों की शोक संवेदना
राज्यपाल मिश्र, मुख्यमंत्री गहलोत सहित अनेक शख़्सियतों की शोक संवेदना

www.daylife.page

जयपुर। वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार ईशमधु तलवार का देर रात निधन हो गया। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार ईशमधु तलवार के निधन  पर गहरा दुख  व्यक्त किया है। राज्यपाल मिश्र ने कहा कि स्व. तलवार ने पत्रकारिता और लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के साथ पत्रकार एवं साहित्यकारों के हितों के लिए विभिन्न संगठनों के माध्यम से सतत प्रयास किए। उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। 

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर लिखा- ‘देश के वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, पिंक सिटी प्रेस क्लब व राजस्थान श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष रहे ईश मधु तलवार के आकस्मिक निधन की जानकारी दुखद है, ईश्वर शोकाकुल परिजनों एवं स्व. श्री तलवार के मित्रों को यह आघात सहने की शक्ति दें एवं दिवंगत आत्मा को करें शांति प्रदान करे’

लेखनी के धनी थे तलवार साहब 

वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार ईशमधु तलवार का देर रात निधन हो गया। यह समाचार सुबह से ही सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। तलवार साहब ने राजस्थान के विभिन्न संगठनों में अपनी सेवाएं दी। वे हंसमुख, सहयोगात्मक और साहित्य के प्रेमी थे। ईशमधु तलवार कर्म प्रधान व्यक्ति थे और अपना कर्म करते हुए ही अंतिम यात्रा पर चल पड़े। आज एकादशी के दिन उनका देहावसान हुआ। तलवार साहब को पत्रकारिता से जुड़े सभी संस्थानों, संगठनों एवं पदाधिकारियों व सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। अनेक जानीमानी शख्सियतों ने भी उन्हें नमन किया। राजनितिक हलकों में क्या कांग्रेस, क्या भाजपा और कोई भी राजनीतिक संगठन हो सभी ने उनका यह दुखदायी समाचार सुनकर सादर नमन किया।