प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष में राममय हुई सांभर पर्यटन नगरी

श्रीराम दरबार की शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत

शैलेश माथुर की रिपोर्ट 

www.daylife.page 

सांभरझील। अखंड पंचमुखी बालाजी मंदिर के महंत विपिन दास महाराज (अयोध्या धाम) के सानिध्य में रविवार को प्रभु श्रीराम दरबार की जीवंत झांकी की शोभायात्रा प्रभु श्री राम के जयकारों के उद्घोष के साथ धूमधाम और उत्साह के साथ नगर भ्रमण पर निकली। अयोध्या में सोमवार को प्रभु श्रीराम की होने वाली मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष में पंचमुखी बालाजी मंदिर में विराजमान राम सीता की मूर्तियों का भव्य श्रृंगार कर नई पोशाक धारण करवाई गई तथा महाआरती के बाद शोभा यात्रा अनेक मंदिरों के महंत की मौजूदगी में गाजे बाजे से निकली। 

शोभा यात्रा की खास बात यह रही की राम भक्तों की टोली में महिलाओं की तादाद अधिक रही। शोभायात्रा का न्यू मार्केट के प्रमुख व्यवसायी श्री गोपाल गौशाला के पूर्व अध्यक्ष प्रेम कुमार शर्मा के आवास के बाहर भारी पुष्प वर्षा से जोरदार अभिनंदन किया गया। शोभा यात्रा तेली दरवाजा रोड होते हुए प्रमुख रास्तों से पुनः गंतव्य स्थल पर पहुंची। कानून व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मी सुथार, थाना अधिकारी राजेंद्र कुमार यादव शोभा यात्रा के संपन्न होने तक साथ रहे। इसी क्रम में 22 जनवरी को ऐतिहासिक व यादगार दिन बनाने के लिए प्रमुख गोला बाजार में खास धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन सांभर व्यापार महासंघ के सामूहिक प्रयासों से आयोजित किया जा रहा है। 

अध्यक्ष राजेंद्र कुमार अग्रवाल व विष्णु कुमार सिंघानिया ने बताया कि सोमवार को दोपहर 2:30 बजे से 5:00 बजे तक सुंदरकांड का आयोजन होगा तथा शाम को प्रभु श्रीराम की महा आरती होगी। भाजपा पदाधिकारी अनिल गट्टानी व जितेंद्र डांगरा ने बताया कि भाजपा मंडल की तरफ से आकर्षक आतिशबाजी शाम 6:30 बजे पुरानी धान मंडी में की जाएगी। न्यू मार्केट, सिंधी बाजार, गोला बाजार पूरी तरह से रोशनी से गुलजार नजर आने लगा है।प्रतिष्ठानों पर भगवा रंग में श्री राम की ध्वज पताका चारों ओर देखने को मिल रही है। शोभा यात्रा में गोवर्धन नाथ मंदिर के महंत, तपस्वी का आश्रम के महंत, दादू द्वारा के महंत की उपस्थिति भी रही।