यौन शोषण के आरोपी को बर्खास्त करने की मांग को लेकर एटक का विरोध प्रदर्शन

 

जाफ़र लोहानी

www.daylife.page 

मनोहरपुर (जयपुर)। यौन शोषण के आरोपी राष्ट्रीय संघ कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी एवं उसे कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद से बर्खास्त करने की मांग को लेकर विगत कई दिनों से दिल्ली जंतर-मंतर पर धरने पर बैठी ओलंपिक पदक विजेता महिला कुश्ती खिलाड़ियों के समर्थन में ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर श्रमिकों एवं कर्मचारियों ने राजस्थान राज्य कमेटी के बैनर तले खासा कोठी फ्लाईओवर से कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। रैली के दौरान श्रमिक  ने दिल्ली पुलिस एवं केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

कलेक्टर कार्यालय पर यह रैली सभा के रूप में परिवर्तित हुई जिसे एटक के प्रदेश अध्यक्ष एम.एल. यादव प्रदेश महासचिव कुणाल रावत कार्यकारी अध्यक्ष डी.के. छंगाणी महिला फेडरेशन की अध्यक्ष सुनीता चतुर्वेदी किसान नेता तारा सिंह सिद्धू एवं एटक के प्रदेश सचिव धर्मवीर चौधरी ने संबोधित किया वक्ताओं ने बताया कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय के दखल के बाद गंभीर धाराओं में दिल्ली पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज किया लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है ना ही उसे कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद से बर्खास्त किया गया है जिससे यह स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार का उसे पूरा समर्थन है एवं वह उसे बचा रही है। 

एटक के प्रदेश अध्यक्ष एम. एल. यादव, महासचिव कुणाल रावत, डीके छंगाणी, विनोद राय, अंजू मीणा के पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा एवं पीड़ित  खिलाड़ियों के साथ अपनी एकजुटता प्रदर्शित करते हुए मांग की है कि महिला खिलाड़ियों को न्याय मिले एवं ब्रजभूषण शरण सिंह को जल्द ही गिरफ्तार कर उसे बर्खास्त किया जाए। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस प्रदर्शन में केंद्रीय कर्मचारी नेता बी.एम. सुण्डा तकनीकी एवं वाहन चालक संघ से महेश शर्मा पोस्टल यूनियन से राजेंद्र सिंह एपसो से रमेशचंद्र राजस्थान रोडवेज एंप्लाइज यूनियन से सुरेंद्र मोहन सक्सेना शिवराज सिंह माइको बॉश लेबर यूनियन से प्रेमचंद बौद्ध केसर सिंह जयदीप सिंह राजस्थान बिजली वर्कर्स फैडरेशन से दीपेंद्र सिंह चौहान आरके मीणा केशव व्यास आरएस मीना रजनीश शर्मा हंसराज गंगवाल  नरेंद्र मीणा अंजू हेमा शिखा होटल यूनियन से विनोद राय राम बाग होटल यूनियन से योगेंद्र सिंह राजेश गहलोत से भगवान सिंह निर्माण मजदूर यूनियन से शरीफ सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं श्रमिक कर्मचारी उपस्थित रहे।