कांग्रेस राज में किसानों की भूमि हो रही नीलाम : कर्नल राज्यवर्धन

भाजपा द्वारा चलाये गये माईक्रो डोनेशन अभियान से जुड़ने की अपील

शैलेश माथुर की रिपोर्ट 

www.daylife.page 

सांभरझील (जयपुर) भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयन्ती पर विशेष सूक्ष्मदान (माईक्रो डोनेशन) अभियान की शुरूआत की है। पार्टी द्वारा अपने कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों को छोटा सा योगदान करने की अपील की गई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं जयपुर ग्रामीण सांसद कर्नल राज्यवर्धन राठौड 1000 रूपये का माईक्रो डोनेशन कर इस अभियान से जुडे। कर्नल राज्यवर्धन ने सोशल मीडिया के माध्यम से जयपुर ग्रामीण के कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय जनता से इस अभियान से जुडने की अपील की। 

इस दौरान उन्होंने एक लिंक भी शेयर किया जिससे कोई भी व्यक्ति माईक्रो डोनेशन कर इस अभियान का हिस्सा बन सकता है। कर्नल राज्यवर्धन ने कहा देश को आगे बढ़ाना हमारा मकसद है, इसमें हम सभी को भागीदार बनना है। देश का प्रत्येक नागरिक साथ मिलकर काम करेगा तो देश को मजबूती मिलेगी। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी जी और देश को मजबूती देने के लिए माईक्रो डोनेशन (सूक्ष्म दान) अभियान प्रारम्भ किया है जिसमें देश का कोई भी नागरिक स्वेच्छा से पांच रूपये से लेकर एक हजार रूपये तक का दान दे सकता है।

कर्नल राज्यवर्धन ने कहा मोदी जी की लीडरशिप में देश लगातार मजबूत बन रहा है। केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही उज्जवला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिल रहा है जिससे देश को मजबूती मिली, यह इसलिए संभव हो पाया क्योकी मोदी जी के आने के बाद विकास पैसा जो पहले चोरी होता था वह चोरी होना बन्द हो गया। प्रधानमंत्री मोदी जी क्रियांवित तरीके से जनता की मुश्किलों का समाधान कर रहें है। 

कर्नल राज्यवर्धन ने कहा कांग्रेस ने जनता से झूठे वायदे कर प्रदेश में सरकार बनाई। पिछले तीन वर्षो के कांग्रेस राज में प्रदेश के किसानों की कर्ज माफी तो दूर उनकी भूमि तक नीलाम हो रही है। मुख्यमंत्री के ट्वीट पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा दस तक की काउंटिंग करते हुए राहुल गांधी ने यह क्यों नही बताया की किस किसान का कर्ज माफ होगा, कितना होगा और किसका होगा ही नहीं। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद यह क्यों कहा गया कि आपने कर्ज माफ कर दिए। अब जनता के सामने सच आ रहा है तो कांग्रेस इसकी टोपी उसके सर वाली नीति अपना रही है।