हर व्यक्ति को मिलेगा पीने योग्य स्वच्छ जल : गजेंद्र सिंह

जाफर ख़ान लोहानी

www.daylife.page 

मनोहरपुर (जयपुर)। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री देवायुष सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर शाहपुरा व विराट नगर को ईआरसीपी योजना से जोड़ने की मांग की।

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री शेखावत रविवार रात को विराट नगर विधानसभा क्षेत्र के पनदो गांव में एक सामाजिक शादी समारोह में शिरकत करने के लिए आए थे। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री देवायुष सिंह ने शाहपुरा में विराटनगर क्षेत्र में गिरते भूमिगत जल स्तर के बारे में अवगत कराया। लोगों को पेयजल व सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने के लिए ईआरसीपी योजना से जोड़ने की मांग की। 

इस पर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक राज्यों में जनता की खुशहाली के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही है। इसी कड़ी में राजस्थान प्रदेश में भी हर घर तक पीने योग्य स्वच्छ जल पहुंचने के लिए जल जीवन मिशन योजना का काम शुरू किया गया था। जिसके तहत 2024 तक कार्य पूर्ण करना था। लेकिन प्रदेश में कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के चलते जल जीवन मिशन का काम बहुत धीमी गति से हुआ। इसमे भ्रष्टाचार होने से काम बहुत घटिया हुआ है। जिसकी जांच जारी है।  अब प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद लोकसभा चुनाव के बाद विकास के कामों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि आरसीपी योजना में शाहपुरा विराटनगर को भी जोड़ना प्रस्तावित है। हर व्यक्ति को पीने योग्य जल मिले इस कड़ी में तीव्र गति से  काम होगा। 

इस दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री महेन्द्र यादव, विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़  के पुत्र आशीष धनकड़, बीजेपी एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट बीएस बेनीवाल, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुभाष जोशी, मनोहरपुर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शंकर प्रजापत, जमवारामगढ़ उत्तर भाजपा मंडल महामंत्री अजय लाटा, युवा नेता आदित्य धाबाई, डॉ. छाजूराम गुर्जर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।